जनगणना 2027: DCHB कार्यों की समीक्षा, सटीक आंकड़ों के संकलन व समयबद्ध अपलोड के निर्देश
जहानाबाद। भारत की जनगणना 2027 को लेकर जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) से संबंधित कार्यों की समीक्षा मंगलवार को विकास भवन के सभाकक्ष में की गई। प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला जनगणना अधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष ने की।
बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार, पटना की संयुक्त निदेशक श्रीमती मंजु गुप्ता ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी चार्ज अधिकारियों को DCHB के लिए आंकड़ों के संकलन में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने सटीक, अद्यतन एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े एकत्र करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका ऑनलाइन अपलोड सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि संकलित आंकड़ों की समुचित जांच एवं सत्यापन के बाद ही उनका अनुमोदन किया जाए, ताकि जनगणना अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति नहीं रहे। बैठक में डाटा संकलन, सत्यापन, अनुमोदन और ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय की नोडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति शैलेश, सभी चार्ज अधिकारी एवं अपर चार्ज अधिकारी (ग्रामीण एवं शहरी), अवर सांख्यिकी पदाधिकारी रणजीत कुमार, तकनीकी सहायक के रूप में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं कार्यपालक सहायक सहित जिला सांख्यिकी कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।