24 स्थलों पर विद्यार्थी सहयोग शिविर, 1,098 विद्यार्थियों ने दर्ज कराईं समस्याएं
जहानाबाद। जिले में विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर मंगलवार को विभिन्न महाविद्यालयों, विद्यालयों, छात्रावासों एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों सहित 24 स्थलों पर विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में कुल 1,098 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी शैक्षणिक, छात्रावास, छात्रवृत्ति, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य संस्थागत समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।
एसएस कॉलेज, जहानाबाद में आयोजित मुख्य शिविर में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार शामिल हुए। जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से अपनी वास्तविक समस्याएं बिना किसी संकोच के दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा पढ़ाई के साथ खेल, कला एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया।
जिले के अन्य शिविरों में भी वरीय पदाधिकारियों ने पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। एसएन सिन्हा कॉलेज में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, पारा मेडिकल कॉलेज में संयुक्त सचिव सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जीएनएम स्कूल में अपर समाहर्ता राजस्व अनिल कुमार सिन्हा, जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास में भूमि सुधार उप समाहर्ता अमू आमला, कस्तूरबा गांधी विद्यालय घोषी में अनुमंडल पदाधिकारी तथा अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावास में जिला योजना पदाधिकारी कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं।
इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, डिग्री कॉलेज, पारा मेडिकल संस्थानों, डॉ. आंबेडकर कल्याण छात्रावास, सरकारी अभियंत्रण महाविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, सरकारी आइटीआइ एवं महिला आइटीआइ समेत अन्य संस्थानों में भी शिविर आयोजित किए गए।
जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का सहज, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है।