*मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने किया साफ-सफाई और निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, तोरण द्वार व नाला निर्माण का लिया जायजा* जनपद बस्ती 10 अक्टूबर 2026
*बस्ती।* आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने बस्ती शहर में निर्माणाधीन तोरण द्वार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जेसीबी टेलीहैंडलर मशीन पर चढ़कर तोरण द्वार के ऊपरी हिस्से के निर्माण कार्य की प्रगति को बारीकी से देखा तथा कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ समय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने शहर में चल रहे नाला निर्माण कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया। नाले की खुदाई और निर्माण कार्य को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण के दौरान आमजन को आवागमन में असुविधा न हो और मलबे का निस्तारण समय से किया जाए। साथ ही उन्होंने कूड़ा गाड़ी और सफाई कर्मियों द्वारा की जा रही साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और कचरा प्रबंधन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजेश यादव, अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, नगर पालिका की टीम एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 10, 2026