*सहकार भारती बस्ती मंडल का अभ्यास वर्ग संपन्न, सहकारिता से आत्मनिर्भर समाज निर्माण पर हुआ मंथन*
जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 10 अक्टूबर 2026
*बस्ती।* सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और सशक्त समाज निर्माण के उद्देश्य को लेकर सहकार भारती, बस्ती मंडल का एक दिवसीय अभ्यास वर्ग जनपद बस्ती स्थित ओम सिद्धि विनायक मैरिज हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और सहकारिता आधारित रोजगार को लेकर गहन मंथन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहकार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी सुनील गुप्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ओमकार चौधरी ने की, संचालन जिला महामंत्री संजय चौरसिया ने किया, जबकि संयोजन बस्ती विभाग संयोजक शिव प्रसाद चौधरी ने किया।
अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सिंह ने संगठनात्मक ढांचे, कार्यपद्धति और कार्यकर्ता निर्माण पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक विकास का आधार है। इसे जन-जन तक पहुंचाना ही संगठन का लक्ष्य है।
उत्तर प्रदेश के अक्षय ऊर्जा प्रकोष्ठ प्रमुख उमाकांत शर्मा ने स्वावलंबी भारत अभियान और अक्षय ऊर्जा आधारित सहकारी समितियों के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए सहकारी मॉडल को अपनाना समय की मांग है। महिला सशक्तीकरण पर बोलते हुए प्रदेश महिला प्रमुख मीनाक्षी राय ने स्वयं सहायता समूहों (SHG), महिलाओं की भागीदारी, उत्पाद निर्माण और मार्केटिंग की जानकारी दी। प्रदेश सह महिला प्रमुख मधुमिता ने भी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर अपने विचार रखे।
वहीं एसएचजी के राष्ट्रीय सह प्रमुख एवं श्रीनिधि क्रेडिट कोऑपरेटिव के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने क्रेडिट सोसाइटियों के गठन, कार्यप्रणाली और वित्तीय सहयोग में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रदेश मंत्री एवं बस्ती मंडल प्रभारी अरुण सिंह ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और नई सहकारी समितियों के गठन की रूपरेखा रखी।
अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष ओमकार चौधरी ने कहा कि अभ्यास वर्ग में मिला मार्गदर्शन धरातल पर उतारा जाएगा। ग्राम स्तर तक सहकारिता की अवधारणा को पहुंचाकर समाज के हर वर्ग को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान महिला सशक्तीकरण, वित्तीय सहयोग, अक्षय ऊर्जा और सहकारिता आधारित रोजगार की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
अभ्यास वर्ग में जिला उपाध्यक्ष अरविंद चौधरी, नितेश सिंह, सूर्यमणि पांडेय, जिला संगठन प्रमुख दिवाकर वर्मा, महिला प्रमुख सरिता गौड़, जिला मंत्री मनीष कुमार सहित सहकार भारती बस्ती और संतकबीर नगर जिले के कई पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता एवं स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 10, 2026