हादसे के बाद मदमहेश्वर घाटी में पसरा मातम, दूसरे दिन स्थगित रहा मेला! चार लोगों की दर्दनाक मौत से गमगीन हुई पूरी घाटी, उत्सव की खुशियां मातम में बदलीं।
रुद्रप्रयाग। बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर हुए भीषण वाहन हादसे ने मदमहेश्वर घाटी को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हर गांव में मातम और सन्नाटा पसरा है। इसका असर भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के ऊखीमठ आगमन पर आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों पर भी पड़ा है।
हृदयविदारक हादसे के चलते मनसूना में आयोजित होने वाला मदमहेश्वर मेला दूसरे दिन भी स्थगित रहा। जिस क्षेत्र में भगवान मदमहेश्वर की डोली के आगमन को लेकर उत्साह और उल्लास होना था, वहां चार लोगों की असामयिक मृत्यु से हर आंख नम है।
दरअसल, द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच रही है। डोली के आगमन पर मनसूना में मेले सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित थे। लेकिन हादसे ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। क्षेत्रवासियों ने उत्सव के बजाय दिवंगतों के शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े होने को प्राथमिकता दी।
चार लोगों की मौत से पूरा मदमहेश्वर क्षेत्र स्तब्ध है। यह हादसा केवल चार परिवारों का दुख नहीं, बल्कि पूरी घाटी की साझा पीड़ा बन गया है। दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि। शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
#मदमहेश्वरघाटी #मनसूना #रुद्रप्रयाग #सड़कहादसा #मदमहेश्वरमेला #उत्तराखंड