जौलजीबी मेले में हुए बवाल की गूंज धारचूला तक, कांग्रेस ने किया तहसील का घेराव।
उत्तराखंड के जौलजीबी मेले के दौरान माइक फेंकने की घटना के विरोध में सड़कों पर उतरे कांग्रेस नेता, गोविंद कुंजवाल, मनोज तिवारी और प्रदीप टम्टा की अगुवाई में निकला जुलूस, सैकड़ों लोग हुए शामिल
सीमांत क्षेत्र के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जाने के बाद हुए विवाद और माइक फेंकने की घटना का मामला अब धारचूला तक पहुंच गया है। घटना के बाद कांग्रेस ने आज धारचूला में प्रदर्शन कर तहसील मुख्यालय का घेराव किया।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकाला। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।
जौलजीबी मेले में मंच पर हुए हंगामे के बाद कांग्रेस नेताओं की अगुवाई में धारचूला में हुए इस प्रदर्शन ने मामले को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है। तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शनकारियों ने घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया।