आज दिनांक 22.08.2026 को सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा महेंद्रनाथ मंदिर, मेहदार में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर जिला पदाधिकारी, सीवान एवं पुलिस अधीक्षक, सीवान द्वारा संयुक्त रूप से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित स्थानीय पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि निर्धारित/प्रतिनियुक्त प्वाइंटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक निर्धारित प्वाइंट पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति रहे। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर समय से उपस्थित रहकर सतत निगरानी रखें। इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ वाले क्षेत्रों, पार्किंग स्थल तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया।
अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था भी सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी सिवान के साथ उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सिवान, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा सिवान, अनुमंडल/ प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीयों के साथ साथ संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं मन्दिर न्यास समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं व्यवस्था का पालन करें, भीड़ में धैर्य बनाए रखें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी,
सिवान
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#siwan
36 views | Siwan, Bihar | Aug 22, 2026