चेनारी में एयरपोर्ट के लिए जमीन का निरीक्षण, डीएम ने लिया स्थल का जायजा
रोहतास जिले में एयरपोर्ट निर्माण की कवायद के तहत शनिवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने चेनारी प्रखंड के सबराबाद क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने एयरपोर्ट के लिए चिन्हित किए जा रहे संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर भूमि की उपलब्धता और अन्य जरूरी पहलुओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जमीन का रकबा, भौगोलिक स्थिति, सड़क संपर्क, भूमि की प्रकृति और आसपास उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों से प्रस्तावित स्थल से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।
जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, चेनारी को संभावित स्थल से संबंधित भूमि का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि एयरपोर्ट निर्माण को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
डीएम ने कहा कि एयरपोर्ट बनने से रोहतास की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे व्यापार, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने के साथ जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। हाईवे से बेहतर सड़क संपर्क को भी प्रस्तावित स्थल के लिए महत्वपूर्ण पहलू माना गया। निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मोहम्मद जफर हसन, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप सहित स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।