काराकाट के इटढ़िया काव नदी फॉल में युवक डूबा, तलाश जारी
रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के इटढ़िया गांव स्थित काव नदी फॉल में शनिवार दोपहर एक युवक डूब गया। युवक की पहचान इटढ़िया निवासी बबन महतो के 23 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर तक उसका पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार राहुल फॉल के पास मछली देख रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज पानी की धार में गिरकर गहरे पानी में चला गया। वहां मौजूद युवकों ने उसे डूबते देखा और शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर राहुल की तलाश शुरू की।
घटना की सूचना मिलने पर काराकाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने पुलिस बल को मौके पर भेजा। अंचलाधिकारी डॉ. रितेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी एसडीआरएफ टीम को दी गई है और टीम से समन्वय किया जा रहा है। फॉल में पानी की गहराई और तेज धार के कारण तलाश में परेशानी हो रही है। प्रशासन की निगरानी में स्थानीय लोग युवक की तलाश में जुटे हैं।