दिनारा में बाबा गणिनाथ जयंती की धूम, विधायकों को पहनाया चांदी का मुकुट
दिनारा प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को कानू समाज के आराध्य देव बाबा गणिनाथ गोविंद जी की जयंती धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाई गई। शनिवार को 1 बजे समारोह को लेकर दिनारा बाजार में सुबह से ही उत्सवी माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में संदेश विधायक राधा चरण सेठ और दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं ने दोनों विधायकों को चांदी का मुकुट पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दोनों विधायकों ने बाबा गणिनाथ गोविंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, अमन-चैन और आपसी सद्भाव की कामना की। दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने बाबा गणिनाथ के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से सत्य, अहिंसा और न्याय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।