सूर्यपुरा प्रखंड कार्यालय में छात्राओं का प्रदर्शन,महीनों से पानी में डूबा स्कूल परिसर, और खेल मैदान,छात्राओं के प्रदर्शन के बाद नाला निर्माण को लेकर प्रशासन की पहल।
रोहतास जिले के सूर्यपुरा उच्च विद्यालय परिसर में पिछले कई महीनों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। विद्यालय परिसर में पानी जमा रहने के कारण छात्र-छात्राओं को पानी में होकर स्कूल आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे पठन-पाठन के साथ रोजमर्रा के आवागमन में भी काफी परेशानी हो रही है। समस्या से नाराज छात्राओं ने शनिवार 1 बजे को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।
छात्राओं ने जलजमाव की समस्या की जानकारी जिलाधिकारी को फोन के माध्यम से दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी तेज बहादुर सुमन, अंचल अधिकारी गोल्डी कुमारी और थानाध्यक्ष चंदन भगत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और विद्यालय परिसर तथा जलजमाव वाले स्थल का निरीक्षण किया।
बीडीओ तेज बहादुर सुमन ने बताया कि जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए योजना का प्रस्ताव लिया जा रहा है। प्रस्ताव के आधार पर नाला निर्माण का कार्य कराया जाएगा, जिससे विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
वहीं, विद्यालय परिसर में पानी जमा होने से मैदान भी प्रभावित है। सेना, पुलिस समेत अन्य सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वाले युवाओं को दौड़ और शारीरिक अभ्यास के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। मैदान में पानी जमा रहने के कारण खेलकूद और शारीरिक अभ्यास की गतिविधियां भी बाधित हैं। मौके पर मुकेश कुमार सहित दर्जनों के संख्या छात्र छात्राएं उपस्थित थे।