एसडीएम ने किया अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण, उपाधीक्षक निजी क्लिनिक में मिले
बिक्रमगंज अनुमंडल पदाधिकारी, दिलीप कुमार ने शनिवार को अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अभिनंदन कुमार अपने कर्तव्य स्थल पर अनुपस्थित पाए गए। इस संबंध में स्वास्थ्य प्रबंधक से पूछताछ करने पर बताया गया कि उपाधीक्षक राष्ट्रीय लोक अदालत के कार्य के लिए गए हुए हैं। सूचना की सत्यता की जांच के लिए एसडीएम ने डॉ. अभिनंदन कुमार के निजी क्लिनिक पर पहुंचकर स्थिति का सत्यापन किया। वहां उपाधीक्षक उपस्थित पाए गए। सरकारी अस्पताल में अनुपस्थित रहने और राष्ट्रीय लोक अदालत के कार्य में जाने की जानकारी दिए जाने के विपरीत निजी क्लिनिक में उनकी मौजूदगी को एसडीएम ने गंभीरता से लिया। एसडीएम ने बताया कि मामले में संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद तथ्यों का सत्यापन कर विभागीय नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों और कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा मरीजों को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। ड्यूटी में अनधिकृत अनुपस्थिति या लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।