काराकाट में धूमधाम से मनी बाबा गणिनाथ जयंती, सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे श्रद्धालु,आरा सांसद हुए शामिल।
काराकाट प्रखंड के काराकाट और गोड़ारी में शनिवार को 1 बजे शिव मंदिर परिसर में श्री श्री 108 संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। काराकाट में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा गणिनाथ पूजा समिति के अध्यक्ष मुनीलाल शाह ने की, जबकि मंच संचालन आकाश राज ने किया। आरा लोकसभा सांसद सुदामा प्रसाद समेत अन्य अतिथियों ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। संत शरण पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
सांसद सुदामा प्रसाद ने बाबा गणिनाथ के समाज और धर्म के लिए किए गए कार्यों को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने लोगों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील की। बीस सूत्री अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने समाज को संगठित होकर बाबा गणिनाथ के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से आए कलाकारों और प्रसिद्ध गायिकाओं ने गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। मनमोहक प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मौके पर कोषाध्यक्ष लालू शाह, संजय गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, अजय गुप्ता समेत पूजा समिति के सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।