हरदोई में नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने का आरोप, हादसा टला; भट्ठे से जुड़े वीडियो के वायरल होने का दावा
हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम बमटापुर में संचालित बताए जा रहे श्याम ब्रिक फील्ड से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में कथित तौर पर एक नाबालिग ट्रैक्टर चलाता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि ईंट भट्ठे पर नाबालिग बच्चों से ट्रैक्टर चलवाए जा रहे हैं, जिससे सड़क पर गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है।
बताया जा रहा है कि बमटापुर गांव के पास ईंटों से अधिक वजन लदे ट्रैक्टर का पहिया टूट गया। गनीमत रही कि उस समय सामने से कोई वाहन या व्यक्ति नहीं आ रहा था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भट्ठे से भारी मात्रा में ईंटें लादकर ट्रैक्टरों का आवागमन गांव की सड़कों पर होता है। यदि नाबालिगों से वाहन चलवाने की बात सही है तो यह सड़क सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है।
वायरल वीडियो में भट्ठे से संबंधित गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर यह पता लगाने की मांग की है कि क्या वास्तव में नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाए जा रहे हैं और ओवरलोड वाहनों का संचालन किया जा रहा है।
हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। भट्ठा संचालक श्याम शुक्ला का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।