साण्डी तिराहे पर बदहाल सड़क बनी हादसों का खतरा, गड्ढों से राहगीर परेशान
सांडी। साण्डी तिराहे पर सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढों के कारण आए दिन ऑटो पलटने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सड़क की बदहाली को लेकर लोगों के बीच अब यह सवाल उठने लगा है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। खास बात यह है कि यह मार्ग साण्डी को बिलग्राम और हरपालपुर से जोड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। अधिकारियों का भी इस मार्ग से आवागमन रहता है, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हो सका है।
स्थानीय निवासी राहुल, पंकज, नीरज और सुरेंद्र ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढे इतने बड़े हैं कि वाहन निकालना मुश्किल हो गया है। ऑटो चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के मुताबिक, कई बार गड्ढों के कारण ऑटो पलटने से हादसे भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद खुलेगी।
Bilgram, Hardoi | Sep 21, 2026