स्वच्छता जागरूकता रैली से दिया साफ-सफाई का संदेश, कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
हरदोई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुनय झा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया।
इस दौरान स्वच्छता जागरूकता वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने तथा स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।
रैली के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने जनसामान्य को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 21, 2026