केले की खेती ने बदली भगवती प्रसाद की आर्थिक स्थिति, उद्यान विभाग की योजना से मिली नई राह
हरदोई। उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना का लाभ लेकर ग्राम मुठिया, विकासखंड कोथावां निवासी भगवती प्रसाद ने केले की खेती को अपनाकर अपनी आय में बढ़ोतरी की है। कभी परंपरागत गेहूं और धान की खेती करने वाले भगवती प्रसाद अब केले की खेती से बेहतर आमदनी प्राप्त कर रहे हैं।
भगवती प्रसाद के अनुसार, गेहूं और धान की खेती में मेहनत अधिक करने के बावजूद आमदनी अपेक्षाकृत कम होती थी। इसी दौरान उन्हें उद्यान विभाग की ओर से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत नवीन उद्यान रोपण में केले की खेती पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी मिली।
योजना से प्रेरित होकर उन्होंने वर्ष 2025-26 में 0.4 हेक्टेयर क्षेत्र में केले की खेती के लिए पंजीकरण कराया। फसल का सत्यापन होने के बाद उन्हें उद्यान विभाग की ओर से 16,800 रुपये का अनुदान उनके बचत खाते में प्राप्त हुआ।
भगवती प्रसाद ने बताया कि केले की खेती में उन्हें करीब 1.10 लाख रुपये की लागत आई और लगभग 430 क्विंटल केले की उपज प्राप्त हुई। बाजार में उपज की बिक्री से उन्हें करीब 2.50 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि केले की खेती से मिले लाभ से वह काफी खुश हैं। उनकी खेती को देखकर गांव और आसपास के किसानों में भी केले की खेती के प्रति रुचि बढ़ी है और कई लोगों ने केले की खेती शुरू की है।
उद्यान विभाग की योजना से मिली सहायता ने भगवती प्रसाद के लिए पारंपरिक खेती के साथ बागवानी को आय के बेहतर विकल्प के रूप में स्थापित करने में मदद की है।
Bilgram, Hardoi | Sep 19, 2026