हत्याहरण कुंड में नहाते समय दो बच्चों की डूबने से मौत, परिवारों में मचा कोहराम
हरदोई। हत्याहरण कुंड में सोमवार शाम नहाते समय दो बच्चे अचानक गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल सीएचसी कोथावां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मोहित त्रिपाठी (20) पुत्र आलोक त्रिपाठी, निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कैलाश, जनपद सीतापुर और रितिक (10) पुत्र मिथलेश, निवासी ग्राम खेरवा, थाना कमलापुर, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। दोनों अपने परिजनों के साथ हत्याहरण कुंड में नहाने आए थे।
बताया गया कि सोमवार 21 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे दोनों नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम ने तत्काल दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन चिकित्सकीय परीक्षण के बाद दोनों की मौत की पुष्टि हुई।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकान्त गौतम ने घटना की जानकारी दी।
Bilgram, Hardoi | Sep 21, 2026