मेरे सपनों का भारत चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों से उकेरी देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर
कछौना। जनपद में आयोजित सेवा संकल्प महोत्सव के क्रम में शनिवार को संसदीय क्षेत्र मिश्रिख की बालामऊ विधानसभा स्थित कंपोजिट विद्यालय कामीपुर, विकासखंड कछौना में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से भारत के भविष्य को लेकर विभिन्न चित्र उकेरे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अशोक कुमार रावत एवं विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की है। इसके लिए सभी विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सांसद अशोक कुमार रावत ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 19, 2026