आपदा मित्र बनेगा संकट की घड़ी में मदद का भरोसेमंद हाथ
सात दिवसीय प्रशिक्षण में 120 स्वयंसेवकों ने सीखी आपदा प्रबंधन और बचाव की तकनीकें
डिंडौरी आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित आपदा मित्र योजना का सात दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-होमगार्ड के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण 3 से 9 सितंबर तक जिला होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र, डिंडौरी में आयोजित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने कहा कि आपदा की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में प्रशिक्षित आपदा मित्र लोगों की मदद करने, राहत-बचाव कार्यों में सहयोग देने और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से भविष्य में भी समाज सेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान 120 स्वयंसेवकों, जिनमें 80 युवक एवं 40 युवतियां शामिल रहीं, को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। स्वयंसेवकों ने भूकंप, आगजनी, बाढ़, चक्रवात, आकाशीय बिजली और सूखा जैसी आपदाओं के साथ-साथ बेसिक लाइफ सपोर्ट, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, सर्पदंश, रोप रेस्क्यू तथा सर्च एंड रेस्क्यू जैसी तकनीकें सीखीं।
प्रशिक्षण में न्यूक्लियर, केमिकल, बायोलॉजिकल एवं रेडियोलॉजिकल आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव के आवश्यक तौर-तरीकों की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा महामारी से उत्पन्न संभावित खतरों और आधुनिक परिस्थितियों में आपदा प्रबंधन की चुनौतियों से निपटने के संबंध में भी स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया गया।
अधिकारियों के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त आपदा मित्र आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने में सहयोग करेंगे। होमगार्ड कमांडेंट नरेश साहू के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं की गईं। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा सभी आपदा मित्र स्वयंसेवकों को ‘आपदा किट’ वितरित की गई। कार्यक्रम में कंपनी कमांडर शिवराज पंद्रे सहित होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवान मौजूद रहे।
#Dindori #AapdaMitra #DisasterManagement #MadhyaPradesh #BreakingNews