निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और उपयोगिता का रखें विशेष ध्यान– कलेक्टर
जनपद पंचायतों की निर्माण कार्ययोजना की समीक्षा; गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में जनपद पंचायतों की निर्माण कार्ययोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्माण कार्यों के लिए उपलब्ध कराई गई राशि का पूर्ण एवं निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए भवन एवं अन्य संरचनाएं आकर्षक, उपयोगी और टिकाऊ बनाई जाएं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायतों में ऐसे स्थानों पर निर्माण कार्य कराए जाएं, जहां उनका अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके और लंबे समय तक उनकी उपयोगिता बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने कार्यकाल में ऐसे कार्य करें, जो जिले के विकास में स्थायी योगदान दें और स्थानांतरण के बाद भी उनके कार्यों को याद किया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, उपयोगिता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी ने भी जनपद पंचायतों के अधिकारियों को स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने और प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायतों में निर्मित शासकीय भवनों में शौचालय, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
#Dindori #DevelopmentWorks #QualityConstruction #MadhyaPradesh #BreakingNews