मिशन शक्ति और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक
बोंदर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम; महिला एवं बालिका सुरक्षा, अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी
डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी श्याम सिंगोर के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति (हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन) एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बोंदर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वन स्टॉप सेंटर, जिला डिंडौरी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालयीन बालिकाओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा उनके अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वन स्टॉप सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर रितु खांडे ने मिशन शक्ति के तहत संचालित संबल एवं सामर्थ्य उपयोजनाओं, वन स्टॉप सेंटर और वहां उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी छात्राओं को दी।
इस दौरान छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट 2012, बालिका शिक्षा के महत्व, बाल विवाह और उसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आवश्यकता होने पर वे संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
वन स्टॉप सेंटर केस वर्कर सुमरतो सरोते ने भी वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 और वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन 7828195167 के संबंध में छात्राओं को बताया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे समय रहते उचित सहायता प्राप्त कर सकें।
#Dindori #MissionShakti #BetiBachaoBetiPadhao #WomenEmpowerment #MadhyaPradesh