घाघरा की बाढ़ से 18 गांव प्रभावित, अंकिता बाबी ने शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग
संत कबीर नगर के धनघटा क्षेत्र में घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी की नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अंकिता बाबी ने शासन-प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, लेकिन अभी तक इस इलाके को बाढ़ प्रभावित घोषित नहीं किया गया है।
अंकिता बाबी ने कहा कि घाघरा नदी के आसपास करीब 18 गांवों के लोग बाढ़ की वजह से परेशान हैं। ग्रामीणों के सामने भोजन और पीने के पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के सामने रहने की समस्या है, वहीं उनके पशुओं के लिए भी सुरक्षित स्थान उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। अंकिता बाबी ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित गांवों का तत्काल सर्वे कराकर राहत सामग्री, शुद्ध पेयजल, भोजन और पशुओं के लिए सुरक्षित व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही प्रभावित क्षेत्र को जल्द बाढ़ग्रस्त घोषित कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की अपील की।