बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक गणेश चौहान, अधिकारियों को नाव व राहत व्यवस्था के निर्देश
संतकबीरनगर के धनघटा विधानसभा क्षेत्र में करीब 15 दिनों से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ से प्रभावित लगभग 12 से 14 गांवों का धनघटा विधायक गणेश चौहान ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। विधायक ने तिघरा, गायघाट, सियार कला, ढोल बाजार, चकदहा, भाऊपार सरैया, खड़खपुर, दौलतपुर समेत कई बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर आवागमन की समस्या सामने आई। जिन गांवों में नाव की व्यवस्था नहीं थी, वहां विधायक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को नाव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ के बीच ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी न हो।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक सरकार की ओर से मिलने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं समय से पहुंचाई जाएं।
विधायक गणेश चौहान ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। विधायक के गांवों में पहुंचने से ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई।
प्रशासन द्वारा नाव एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की कार्रवाई शुरू की गई है।