शटरिंग हटाने के विवाद में बाइक सवार पर बोलेरो से टक्कर मारने का आरोप, पसली में फ्रैक्चर
संत कबीर नगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गंगा गांव निवासी अजय कुमार पुत्र जीते ने कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अजय कुमार के अनुसार वह शटरिंग का काम करता है। उसने मंझरिया गंगा में दलेसर के मकान में शटरिंग का कार्य किया था। इसी मकान की भूमि को लेकर दलेसरऔर अरविंद यादव पुत्र इंद्रमणि उर्फ निर्मल यादव के बीच विवाद चल रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि वह नाथनगर से मोटरसाइकिल से अपने साथी नरसिंह के साथ घर लौट रहा था। करीब शाम पांच बजे नौरंगिया पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के बाद वह देवरिया गंगा की ओर जा रहा था। आरोप है कि अरविंद यादव बोलेरो से उसका पीछा करते हुए आया और संस्कृत पाठशाला के पास पहुंचते ही बोलेरो से उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में अजय कुमार और नरसिंह सड़क पर गिर गए।
अजय की पसली की हड्डी टूट गई, जबकि नरसिंह के पैर में मामूली चोट आई।
आरोप है कि घटना के बाद अरविंद यादव ने गाड़ी रोककर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी कि यदि मकान से शटरिंग जल्द नहीं हटाई तो जान से मार देंगे।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।