बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएम व विधायक ने किया तटबंधों का निरीक्षण, दिए सुरक्षा के निर्देश
संत कबीर नगर, 22 अगस्त 2026। घाघरा/सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने धनघटा विधायक गणेश चंद चौहान के साथ धनघटा तहसील क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मदरहा-बेहराडाड़ी तटबंध के किमी 18.400 पर क्षतिग्रस्त लोक निर्माण विभाग की पुलिया तथा किमी 19.100 पर गायघाट, ढोलबजा और सीयर कला क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्रेनेज खंड-2 के अधिशासी अभियंता अजय कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने और बारिश के कारण हुए रेनकट्स को तत्काल भरने के निर्देश दिए। सीयर कला में सड़क किनारे विद्युत पोल के पास कटान को देखते हुए विद्युत विभाग को पोल दुरुस्त कर विद्युत व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए गए।
बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए छिड़काव तथा पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। ढोलबजा में आवागमन के लिए दो के स्थान पर चार नावें लगाने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों को किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।