सम्भल में वल्नरेबल एवं क्रिटिकल मतदेय स्थलों का मानकों के अनुरूप गंभीरता से चिन्हांकन करें सेक्टर ऑफिसर : अपर जिलाधिकारी वीडियो को शेयर करने की अपील
सेक्टर ऑफिसर अपने-अपने क्षेत्रों के सभी बूथों का भौतिक निरीक्षण कर भौगोलिक स्थिति, आवागमन मार्ग एवं न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं का करेंगे सत्यापन
भारत निर्वाचन आयोग की हस्तपुस्तिका के आधार पर सेक्टर ऑफिसरों को दिया गया प्रशिक्षण
यूपी के जनपद सम्भल में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में आज कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग की हस्तपुस्तिका के आधार पर वल्नरेबिलिटी (संवेदनशीलता) एवं क्रिटिकल (गंभीर श्रेणी के) मतदेय स्थलों के संबंध में सेक्टर ऑफिसरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह ने की।
प्रशिक्षण के दौरान वल्नरेबिलिटी की परिभाषा, उद्देश्य, विभिन्न चरणों एवं उसकी पहचान की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही वल्नरेबिलिटी उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों की पहचान, जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई, क्रिटिकल मतदेय स्थलों के वस्तुनिष्ठ मानक तथा सेक्टर ऑफिसरों के अधिकार एवं दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर ऑफिसरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने सेक्टर के अंतर्गत आने वाले सभी मतदेय स्थलों का अनिवार्य रूप से भौतिक निरीक्षण करें। प्रत्येक बूथ की भौगोलिक स्थिति, वहां तक पहुंचने वाले मार्ग एवं आवागमन की व्यवस्था का भली-भांति जायजा लें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थलों पर एएमएफ (Assured Minimum Facilities) अर्थात सुनिश्चित न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का स्थलीय सत्यापन किया जाए। इसके अंतर्गत रैंप, पेयजल, शौचालय, छाया, विद्युत व्यवस्था एवं फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच सुनिश्चित की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वस्तुनिष्ठ मानकों के अनुसार क्रिटिकल मतदेय स्थलों की गंभीरता से जांच एवं पहचान करते हुए उनका चिन्हांकन किया जाए। साथ ही वल्नरेबिलिटी के संभावित कारणों एवं उससे संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के लिए नियमानुसार रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी सेक्टर ऑफिसर अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा मतदेय स्थलों के निरीक्षण एवं सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
बैठक में उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर नीरज कुमार द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sambhal, Sambhal | Nov 14, 2026