दुर्गा पूजा को लेकर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में निकला फ्लैग मार्च
जहानाबाद : दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांति-सौहार्द कायम रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही लोगों से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। पुलिस ने पर्व के दौरान शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने यह भी संकेत दिया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है।