दुर्गा पूजा को लेकर काको और घोसी में निकला फ्लैग मार्च, पूजा पंडालों का निरीक्षण
जहानाबाद : दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांति-सौहार्द कायम रखने को लेकर शनिवार को काको और घोसी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घोसी के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान विभिन्न पूजा पंडालों का भी निरीक्षण किया गया।
फ्लैग मार्च में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक सह घोसी थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस बल की मौजूदगी से आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।
पुलिस पदाधिकारियों ने क्षेत्र में शांति, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सतर्क है।