दुर्गा पूजा को लेकर डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च, 25 वाहनों का काफिला रहा शामिल
जहानाबाद, काको, टेहटा और मखदुमपुर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
जागरण संवाददाता, जहानाबाद : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के संयुक्त नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में लगभग 25 वाहनों का काफिला शामिल रहा। इस दौरान विभिन्न पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
फ्लैग मार्च समाहरणालय से शुरू होकर अंबेडकर चौक, बत्तीस भंवरिया, अस्पताल मोड़, अरवल मोड़ और काको मोड़ होते हुए काको प्रखंड कार्यालय पहुंचा। इसके बाद गांधी मैदान, अंबेडकर चौक, कारगिल चौक, टेहटा बाजार और मखदुमपुर बाजार होते हुए पटना-गया मार्ग पर उमता-धरनई सीमा क्षेत्र तक फ्लैग मार्च किया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला वापस जहानाबाद पहुंचा।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश
इस दौरान डीएम और एसपी ने विभिन्न पूजा पंडालों एवं प्रतिमा स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवागमन सुचारु रखने के निर्देश दिए। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के साथ असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
जिला प्रशासन ने लोगों से दुर्गा पूजा आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।