अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 31 लीटर कच्ची शराब एवं 420 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त
--
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के आदेशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री नरेश प्रताप सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के विक्रय, संग्रहण, परिवहन एवं उपभोग के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मधुसूदन दीवान के नेतृत्व में 10 सितंबर 2026 को आबकारी वृत्त टीकमगढ़ के बल्देवगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग के दल द्वारा ग्राम बनेरा, गुखरई, तालमऊ एवं बैरागढ़ में दबिश देकर अवैध रूप से रखी गई महुआ की कच्ची शराब एवं महुआ लाहन जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों शिकार चंद लोधी, नब्बू आदिवासी एवं माया लोधी के कब्जे से कुल 31 लीटर कच्ची शराब एवं 420 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
आबकारी विभाग द्वारा उक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में आबकारी वृत्त प्रभारी टीकमगढ़ श्री विजय कुमार, आरक्षक श्री सतीश एवं सैनिक श्री पी.एन. अहिरवार शामिल रहे। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
72 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026