हमीरपुर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राठ के विभिन्न विद्यालयों में मतदाता पंजीकरण बूथों का किया निरीक्षण
**विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत पात्र युवाओं एवं नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील**
**हमीरपुर।** विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक ने आज राठ स्थित दीवान शत्रुघ्न सिंह इंटर कॉलेज एवं मां शारदा इंटर कॉलेज तथा ग्राम विवार स्थित हीरानंद इंटर कॉलेज में संचालित मतदाता पंजीकरण बूथों एवं विशेष अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा अभियान के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं एवं अर्हता प्राप्त ऐसे नागरिकों, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए तथा नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य संबंधित प्रक्रियाओं में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए अभियान के अंतर्गत सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।