जनपद की चारों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी गईं 237 जनसमस्याएं, 35 का मौके पर निस्तारण**
**मिशन शक्ति के दृष्टिगत राठ में आयोजित हुआ पिंक संपूर्ण समाधान दिवस, महिलाओं एवं पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ**
**जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया गौरी प्रेरणा कैंटीन का लोकार्पण, विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी**
**हमीरपुर।** जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 237 जनसमस्याएं एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा श्री अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा श्री राजेश एस. ने तहसील सदर हमीरपुर में जनसमस्याएं सुनीं। वहीं, जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक ने तहसील राठ में आयोजित पिंक संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसीलवार विवरण के अनुसार, तहसील राठ में सर्वाधिक 125 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर हमीरपुर में प्राप्त 42 शिकायतों में से 13, तहसील सरीला में प्राप्त 35 शिकायतों में से 04 तथा तहसील मौदहा में प्राप्त 35 शिकायतों में से 03 शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मिशन शक्ति अभियान के दृष्टिगत तहसील राठ में पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं सहित अन्य फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक एवं संतोषजनक राहत मिलनी चाहिए।
पिंक संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं सहायता शिविर लगाए गए। इनमें किसान सम्मान निधि, महिला कल्याण, आयुष्मान भारत, खाद्य एवं रसद विभाग, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित स्टॉल शामिल रहे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील परिसर में ‘गौरी प्रेरणा कैंटीन’ का फीता काटकर लोकार्पण किया। यह पहल महिला सशक्तीकरण एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए आजीविका के अवसरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा मिशन शक्ति की थीम पर तैयार की गई रंगोली का भी अधिकारियों ने अवलोकन किया। रंगोली के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को शॉल एवं स्वीकृति पत्र तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र के साथ बैग एवं शिक्षा किट वितरित की गई। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा महिला किसानों को निःशुल्क बीज किट वितरित की गईं, जिससे उन्हें कृषि कार्यों में सहायता मिल सके।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। राजस्व, भूमि विवाद, पात्रता एवं अन्य विभागीय प्रकरणों में आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए, ताकि आमजन को प्रभावी एवं पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष परीक्षण कर उसका समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह यादव, उपजिलाधिकारी राठ, क्षेत्राधिकारी राठ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।