जल जीवन मिशन के कार्यों का अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने किया निरीक्षण, पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
**कम्हरिया व छिरका में पाइपलाइन लीकेज मरम्मत कार्य का लिया जायजा, मदारपुर में मोटर स्थापना कार्य का किया निरीक्षण**
**हमीरपुर।** जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा ग्रामीण परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह द्वारा विभिन्न ग्रामों में पाइपलाइन मरम्मत एवं पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इसी क्रम में विकासखंड मौदहा के ग्राम कम्हरिया में 140 एमएम की एसडीपीई पाइपलाइन की मरम्मत के कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गांव में कई स्थानों पर पानी बहता हुआ पाया गया। पाइपलाइन के कुछ स्थानों पर खुले पड़े ढक्कनों को बंद कराया गया, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। एक स्थान पर राकेश पुत्र दुर्जन के घर के बाहर पाइपलाइन से पानी बहता पाया गया, लेकिन घर पर ताला लगा होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था। इस दौरान ग्रामीणों से पेयजल पाइपलाइन एवं घरेलू कनेक्शनों का उचित रखरखाव करने तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने में सहयोग करने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त ग्राम छिरका में पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के कार्य का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। वहीं, ग्राम मदारपुर में खराब हुई मोटर को ठीक कराने के बाद उसकी स्थापना के कार्य का निरीक्षण किया गया, ताकि संबंधित क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाया जा सके।
अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान तथा पाइपलाइन लीकेज की समयबद्ध मरम्मत सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि पेयजल पाइपलाइन, टोंटियों एवं कनेक्शनों से पानी व्यर्थ न बहने दें। कहीं भी लीकेज या अन्य समस्या दिखाई देने पर संबंधित विभाग को तत्काल सूचित करें, जिससे समय रहते समस्या का समाधान कर जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों को नियमित एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।