सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे संकेतक बोर्ड और रेडियम
कलेक्टर ने यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश, अतिक्रमण हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पर भी जोर
डिंडौरी मे सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर ने डिंडौरी एवं शहपुरा नगरीय क्षेत्र में सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण पर रोक लगाने तथा उन्हें कांजी हाउस भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने राहवीर योजना के अंतर्गत घटित घटनाओं और प्रकरणों की भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की।
ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे संकेतक बोर्ड
कलेक्टर ने यातायात प्रभारी और आरटीओ अधिकारी को दुर्घटना संभावित एवं चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर रेडियम तथा दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उनका उद्देश्य वाहन चालकों को संवेदनशील स्थानों की जानकारी पहले से उपलब्ध कराना है।
राहवीर योजना के तहत सहयोगी व्यक्तियों के आवेदन, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
हिट एंड रन मामलों में दस्तावेज पूरे करने के निर्देश
कलेक्टर ने पुलिस विभाग को हिट एंड रन के मामलों में आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कर प्रकरण बीमा कंपनी के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा, ताकि पात्र प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण हो सके। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क हेलमेट उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री राहत योजना एवं कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने और गड्ढों की मरम्मत पर जोर
बैठक में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने तथा नगरीय क्षेत्रों में डिवाइडरों की मरम्मत और साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। डिंडौरी के देवरा रोड स्थित मुख्य मार्ग पर गड्ढों के कारण प्रभावित हो रहे आवागमन को देखते हुए पीएमजीएसवाई को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को ब्लैक स्पॉट पर संकेतक बोर्ड लगाने और स्पीड ब्रेकर पर पेंट कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बोंदर, गाडासरई, सागरटोला, नेवसा और शहपुरा सहित प्रमुख मार्गों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया, ताकि वाहन चालकों को मार्ग की स्थिति की जानकारी समय रहते मिल सके और दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिले।
बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#Dindori #DindoriNews #DindoriNewsLive #DindoriUpdate #MPNews #MadhyaPradesh #RoadSafety #सड़क_सुरक्षा #सड़क_दुर्घटना #RoadAccident #BlackSpot #ब्लैक_स्पॉट #TrafficSafety #यातायात_सुरक्षा #TrafficRules #HitAndRun #HelmetSafety #सड़क_मरम्मत #अतिक्रमण #Gadasarai #Shahpura #DevraRoad #BreakingNews #LatestNews #ViralNews #TrendingNews #HALCHAL24NEWS