आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’, बच्चों का हुआ स्वागत
जहानाबाद : पोषण माह के तहत मंगलवार को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों, लाभार्थियों और समुदाय के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों का स्वागत किया गया। बच्चों के बीच कॉमिक बुक, फल और मिठाइयां बांटी गईं। साथ ही मनोरंजक, रचनात्मक और शिक्षाप्रद गतिविधियां आयोजित कर बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित किया गया। इससे केंद्रों पर पूरे दिन उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, आंगनवाड़ी सेवाओं से जुड़े लाभार्थियों को आभार-पत्र देकर उनकी सहभागिता के प्रति आभार जताया गया।
सेविका-सहायिकाओं ने अभिभावकों और लाभार्थियों से संवाद करते हुए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रारंभिक शिक्षा और समग्र विकास के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा के साथ सामुदायिक सहभागिता का केंद्र बनाने का संदेश दिया गया।