पीएम सूर्य घर योजना के लंबित ऋण आवेदनों के लिए 1 व 3 अक्टूबर को विशेष अभियान
जहानाबाद : पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिले में एक और तीन अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र लाभुकों के ऋण आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ऋण वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में योजना की प्रगति और लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा की। बैठक में बैंक प्रतिनिधियों, विद्युत विभाग के अधिकारियों, संबंधित पदाधिकारियों और अधिकृत वेंडरों के साथ चर्चा की गई।
डीएम ने संबंधित बैंक शाखाओं को निर्देश दिया कि विशेष अभियान के दौरान लंबित ऋण आवेदनों की नियमानुसार जांच कर पात्र आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें। ऋण स्वीकृति और वितरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
विद्युत विभाग के कनीय अभियंताओं और अधिकृत वेंडरों को अपने क्षेत्र के लंबित ऋण आवेदन वाले उपभोक्ताओं से संपर्क करने का निर्देश दिया गया। लाभुकों को जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देकर एक और तीन अक्टूबर को संबंधित बैंक शाखा में उपस्थित कराने को कहा गया है। आवेदन में कमी मिलने पर उसे दूर कर बैंक स्तर की कार्रवाई उसी दिन पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।
डीएम ने बैंक प्रतिनिधियों, विद्युत विभाग, जेई और वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए।
जिला प्रशासन ने लंबित ऋण आवेदन वाले लाभुकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बैंक शाखा पहुंचकर अभियान का लाभ उठाएं। अभियान का उद्देश्य सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ अधिक से अधिक घरों को रूफटॉप सोलर से जोड़ना है।