त्योहारों को लेकर पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण का मॉक ड्रिल
जहानाबाद : आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस केंद्र, जहानाबाद में दंगा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित अभ्यास में पुलिसकर्मियों ने दंगा नियंत्रण की विभिन्न प्रक्रियाओं का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मी बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों से लैस रहे। भीड़ को नियंत्रित करने, त्वरित प्रतिक्रिया देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई करने का अभ्यास कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने मॉक ड्रिल के दौरान बल की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पर्व-त्योहारों के दौरान संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया।