रात्रि गश्ती और डायल-112 वाहनों का निरीक्षण, दिए सतर्कता के निर्देश
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घोषी ने सोमवार की रात जिले में पुलिस गश्ती एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने काको थाना क्षेत्र में सूर्य मंदिर के पास रात्रि गश्ती वाहन, काको थाना के समीप डायल-112 वाहन तथा पाली थाना क्षेत्र के चंधारिया में डायल-112 वाहन और चंधारिया पुल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारी ने रात्रि गश्ती की स्थिति, पुलिसकर्मियों की सतर्कता और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावी रात्रि गश्ती सुनिश्चित करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरतमंद लोगों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने डायल-112 वाहनों की तत्परता बनाए रखने तथा गश्ती के दौरान निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने का निर्देश दिया। पुलिस पदाधिकारी ने चंधारिया पुल समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।