जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का कल गांधी मैदान में होगा उद्घाटन
चार दिनों तक चलेगी प्रतियोगिता, करीब 2800 छात्र-छात्राओं ने कराया पंजीयन
जहानाबाद : जिले में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन बुधवार को गांधी मैदान, जहानाबाद में होगा। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों से करीब 2800 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया है। विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत चयन किया जाएगा। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए खेल मैदान समेत प्रतिभागियों की सुविधा, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
विद्यालय खेल प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह है। जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है।