घोषी थाना में बच्चों ने जाना पुलिस का कामकाज, ‘एक दिन अपने थाना के साथ’ कार्यक्रम आयोजित
एक दिन अपने थाना के साथ कार्यक्रम
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को घोषी थाना परिसर में स्कूली बच्चों के लिए ‘एक दिन अपने थाना के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को थाना की कार्यप्रणाली और विभिन्न शाखाओं के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बच्चों को थाना परिसर में स्थित विभिन्न हेल्पडेस्क, सिरिस्ता कक्ष, मालखाना, हाजत, ओडी सहित अन्य शाखाओं का भ्रमण कराया। संबंधित पुलिसकर्मियों ने बच्चों को इन शाखाओं में किए जाने वाले कार्यों और उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा पुलिस के जनहितकारी एवं सकारात्मक कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। बच्चों को यह भी बताया गया कि जरूरत के समय विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से पुलिस एवं संबंधित सेवाओं से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित सामूहिक प्लेकार्ड प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यक्रम में शामिल बच्चों के बीच प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।