स्टार्टअप आइडिया को उद्यम में बदलने के गुर सीखेंगे युवा, इंजीनियरिंग कॉलेज में आइडिया बूटकैंप
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जहानाबाद में मंगलवार को ‘स्टार्टअप बिहार आइडिया बूटकैंप’ का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर कॉलेज के स्टार्टअप सेल ने जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया। इसका शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे हुआ। मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति प्रिया रहीं।
बूटकैंप में छात्र-छात्राओं, नवाचारियों और भावी उद्यमियों को स्टार्टअप आइडिया विकसित करने से लेकर उसे निवेशकों के सामने प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने और वित्तीय संसाधन जुटाने तक की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आइडिया डेवलपमेंट, नवीन तकनीक और स्टार्टअप स्थापित करने की बारीकियों से अवगत कराया।
जिला उद्योग केंद्र के संजय श्रीवास्तव, चंदेश्वर राम, एक्सटेंशन ऑफिसर, एमएसएमई मित्र रितेश कुमार एवं उपेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। वहीं जिले के सफल स्टार्टअप इन्फिनिटी ग्रुप्स और मेनस्ट्रो केयर के प्रतिनिधियों ने अपनी स्टार्टअप यात्रा और सफलता के अनुभव बताए।
कार्यक्रम में युवाओं ने अपने नवाचार से जुड़े विचार साझा किए और विशेषज्ञों से विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अधिकारियों ने बताया कि बूटकैंप का उद्देश्य जिले के युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा उनके विचारों को सफल स्टार्टअप एवं स्वरोजगार के अवसरों में बदलने के लिए मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।