निगम आयुक्त का औचक दौरा: पार्कों में झूले देखकर बच्चे खुश, गंदगी-गड्ढों पर अफसरों की लगी क्लास!
कमल सिंह यादव ने शहर की व्यवस्थाओं को लेकर दिखाए सख्त तेवर, सफाई में लापरवाही पर दो टूक चेतावनी
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर अब नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने औचक निरीक्षण कर कहीं बच्चों की सुविधा के लिए नए झूले लगवाए तो कहीं गंदगी और सड़कों के गड्ढे देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई।
आयुक्त ने मुखर्जी पार्क, सुभाष नगर मेन पार्क, श्रीराम पार्क, गांधी पार्क, शास्त्री नगर सहित विभिन्न पार्कों का निरीक्षण किया। निगम की ओर से इन पार्कों में कुल 16 नए झूले लगाए गए हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों को सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद आयुक्त ने बड़ला चौराहा, सूर्यमहल रोड, साबून मार्ग, गंगापुर चौराहा, बापूनगर, लेबर कॉलोनी और शास्त्री नगर सहित कई इलाकों का जायजा लिया। कई जगह कचरे के ढेर और सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सड़कों पर गड्ढों का भी संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।
आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि स्वच्छता निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।
जनता बोली—झूले अच्छे, लेकिन सड़क और सफाई भी चाहिए
स्थानीय लोगों ने पार्कों में नए झूले लगाए जाने का स्वागत किया, लेकिन साथ ही निगम से सवाल भी किए। रहवासियों का कहना है कि “बच्चों के लिए झूले जरूरी हैं, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में साफ सड़कें, गड्ढामुक्त रास्ते और नियमित सफाई उससे भी ज्यादा जरूरी है।”
लोगों ने उम्मीद जताई कि आयुक्त का औचक निरीक्षण केवल एक दिन की कार्रवाई बनकर न रह जाए, बल्कि गंदगी और टूटी सड़कों पर स्थायी सुधार दिखाई दे। जनता का कहना है कि अधिकारी इसी तरह अचानक मैदान में उतरते रहे तो निगम की व्यवस्थाओं में वास्तविक बदलाव नजर आ सकता है।