शंकरगढ़ में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, कुल्हाड़ी से हत्या; दो सगे भाई गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद, एक महिला आरोपी पहले ही जा चुकी है जेल
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज/शंकरगढ़। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के गढ़वा किला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई हीरालाल (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर शिवराजपुर पावर हाउस के पास से मनोज कुमार (30) पुत्र मुन्नीलाल और पप्पू (35) पुत्र मुन्नीलाल, निवासी गढ़वा किला, थाना शंकरगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
28 अगस्त को हुई थी हत्या
बताया गया कि 28 अगस्त की शाम फूलकुमार पुत्र कल्लू निवासी गढ़वा किला ने शंकरगढ़ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई हीरालाल की विपक्षी पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। अधिक रक्तस्राव होने के कारण हीरालाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने 1 सितंबर को रेखा पत्नी रामकेश (28), निवासी गढ़वा किला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन पुरानी रंजिश को लेकर हीरालाल से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान हीरालाल द्वारा रेखा को गाली देने की बात पर दोनों भाई भी विवाद में शामिल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हीरालाल के भागने के दौरान मनोज ने उस पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने के चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रीतम कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार मिश्र, कांस्टेबल सतीश यादव, अभय राजभर, अमर पाल सिंह, गुरु प्रताप यादव, शनी कुमार और महिला कांस्टेबल नेहा शामिल रहीं।
थाना प्रभारी शंकरगढ़ प्रीतम कुमार ने बताया कि बरामद कुल्हाड़ी को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया गया है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।