पुलिस का बड़ा खुलासा, चोरी के मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार
तीन चोरी की वारदातों में पूछताछ के बाद सोने-चांदी के आभूषण, स्कूटी समेत करीब 1.66 लाख रुपये की सामग्री बरामद; आरोपियों पर 7 स्थायी वारंट भी मिले
डिंडौरी कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शालू उर्फ इमरान खान और रवि कुमार के रूप में हुई है। दोनों से चोरी के तीन मामलों में पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में करीब 83 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा एक स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 66 हजार रुपये बताई है।
अलग-अलग थानों के 7 स्थायी वारंट मिले
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह भी आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय द्वारा जारी कुल 7 स्थायी वारंट लंबित हैं। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के 4, समनापुर थाना क्षेत्र के 2 और शाहपुर थाना क्षेत्र का 1 स्थायी वारंट शामिल है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं चोरी की वारदातों में इनके साथ शामिल रहे संभावित अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जिले में हुई अन्य चोरी की वारदातों से भी इनके संबंध सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
#DindoriPolice #DindoriNews #CrimeNews #MadhyaPradesh #BreakingNews