रूसा और गोरखपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रूसा स्वास्थ्य केंद्र में फरवरी से अगस्त तक 105 संस्थागत प्रसव; छात्रावास में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दी गई आवश्यक दवाएं
डिंडौरी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रूसा एवं गोरखपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक ओम प्रकाश उरैती मौजूद रहे।
रूसा में 105 संस्थागत प्रसव
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रूसा में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं तत्कालीन एसडीएम रामबाबू देवांगन के विशेष सहयोग से सामान्य प्रसव की सुविधा शुरू की गई है। सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय के अनुसार 15 फरवरी 2026 से अगस्त 2026 तक केंद्र में कुल 105 संस्थागत प्रसव कराए जा चुके हैं।
मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुशांत श्रीवास्तव तथा स्टाफ नर्स ज्योति नागवंशी, देववती श्याम, ममता तिवारी एवं मनोतरी द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में रहकर प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर प्रसव सुविधा शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने की आवश्यकता कम हुई है।
उपस्थिति, दवाओं और ओपीडी की जांच
निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थिति पंजी, साफ-सफाई, निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता और ओपीडी सेवाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। लापरवाही अथवा अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
छात्रावास में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण
इसी क्रम में राजा कुंवर शंकरशाह, रघुनाथशाह सीनियर बालक छात्रावास में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय संयुक्त स्वास्थ्य दल ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग ने छात्रावास प्रबंधन को संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने, प्रभावित बच्चों को पृथक रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। सीएमएचओ ने स्वास्थ्य टीम को विद्यार्थियों की सतत देखभाल एवं नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य दल में डॉ. ममता दीवान, डॉ. जयश्री मरावी, डॉ. मेजर प्रेम सिंह कुशराम, ओम प्रकाश उरैती, गायत्री पड़वार, चम्पा एएनएम, योगेंद्र पाठक एवं देवलाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#Dindori #HealthServices #HealthCheckup #MadhyaPradesh #BreakingNews