फील्ड में उतरें अधिकारी, कार्यालय में बैठने से नहीं होगा काम– कलेक्टर
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण पर जोर
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबे समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने, शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित करने और उनकी संतुष्टि के साथ शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण करने पर जोर दिया।
पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविरों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के आयोजन से पहले संबंधित विभाग अपने लंबित प्रकरणों का निराकरण करें।
उन्होंने विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा शिविरों के दौरान साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
पुलिस और वन विभाग को क्षेत्र में जाकर संवाद के निर्देश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों को संबंधित टीमों के साथ क्षेत्र में जाकर आमजन से संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं का मौके पर मुआयना कर उन्हें संबंधित विभागों के समन्वय से चिन्हित किया जाए और निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
‘कार्यालय में बैठकर प्रभावी मॉनिटरिंग संभव नहीं’
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग संभव नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों से आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं समझने और मौके पर संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
धान खरीदी की तैयारियों को लेकर गिरदावरी पर जोर
बैठक में समग्र ई-केवायसी कार्य की विकासखंडवार समीक्षा निरंतर करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने बताया कि आगामी धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन किया जाना है, जिसके लिए गिरदावरी कार्य का पूर्ण होना आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गिरदावरी कार्य में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए।
#Dindori #CollectorDindori #CMHelpline #MadhyaPradesh #BreakingNews