*रूसा एवं गोरखपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण*
*रूसा में फरवरी से अब तक 105 संस्थागत प्रसव, छात्रावास में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रूसा एवं गोरखपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय एवं राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक श्री ओम प्रकाश उरैती उपस्थित रहे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रूसा में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं तत्कालीन एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन के विशेष सहयोग से सामान्य प्रसव की सुविधा प्रारंभ कराई गई है। सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय ने बताया कि 15 फरवरी 2026 से अगस्त माह तक केन्द्र में कुल 105 संस्थागत प्रसव कराए गए हैं। मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुशांत श्रीवास्तव एवं स्टाफ नर्स ज्योति नागवंशी, देववती श्याम, ममता तिवारी एवं मनोतरी द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र में रहकर प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केन्द्रों में उपस्थिति पंजी, साफ-सफाई व्यवस्था, निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता एवं ओपीडी सेवाओं का जायजा लिया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं होने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। रूसा स्वास्थ्य केन्द्र में प्रसव सुविधा शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों में जाने की आवश्यकता कम हुई है तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
इसी क्रम में राजा कुंवर शंकरशाह, रघुनाथशाह सीनियर बालक छात्रावास में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय संयुक्त स्वास्थ्य दल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य दल ने छात्रावास में उपस्थित विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा छात्रावास प्रबंधन को संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने, प्रभावित बच्चों को पृथक रखने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।
सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय ने स्वास्थ्य टीम को विद्यार्थियों की सतत देखभाल एवं नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य दल में डॉ. ममता दीवान, डॉ. जयश्री मरावी, डॉ. मेजर प्रेम सिंह कुशराम, श्री ओम प्रकाश उरैती, श्रीमती गायत्री पड़वार, चम्पा एएनएम, श्री योगेंद्र पाठक एवं देवलाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#Dindori #DindoriDistrict #HealthServices #HealthDepartment #PrimaryHealthCentre #Rusa #Gorakhpur #HealthInspection #SurpriseInspection #InstitutionalDelivery #SafeDelivery #MaternalHealth #HealthcareServices #RuralHealthcare #PublicHealth #StudentHealth #HealthCheckup #HostelHealthCheckup #ChildHealth #PreventiveHealthcare #QualityHealthcare #HealthAwareness #DistrictAdministration #MadhyaPradesh #MPGovernment #Jansampark #CollectorDindori