आकांक्षी विकासखंडों में डिजिटल मॉनिटरिंग की नई पहल, ‘नीति तारा’ से होगी स्मार्ट समीक्षा
बजाग, करंजिया और मेंहदवानी को मिला डिजिटल टूल; विकास संकेतकों के डाटा विश्लेषण से कमजोर क्षेत्रों की होगी पहचान
डिंडौरी के आकांक्षी विकासखंडों में विकास कार्यों की निगरानी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने के लिए जिले में डिजिटल मॉनिटरिंग की नई पहल शुरू की गई है। भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत डिंडौरी जिले के बजाग, करंजिया एवं मेंहदवानी विकासखंडों को ‘नीति तारा’ डिवाइस/टूल किट उपलब्ध कराई गई है।
इस डिजिटल टूल के माध्यम से विभिन्न विकास संकेतकों से संबंधित एमआईएस डाटा का साप्ताहिक, मासिक, छमाही एवं वार्षिक विश्लेषण किया जा सकेगा। साथ ही निर्धारित लक्ष्य और उपलब्धि के बीच मौजूद गैप की पहचान कर कमजोर संकेतकों में समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
जमीनी स्तर पर योजनाओं की होगी बेहतर मॉनिटरिंग
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में ‘नीति तारा’ के प्रभावी उपयोग की पहल की जा रही है। इसके जरिए डिजिटल डाटा के साथ-साथ जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कार्यों की मॉनिटरिंग को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्राम स्तर पर ‘नीति तारा’ का प्रस्तुतीकरण कर इसे विभागीय योजनाओं की जानकारी से जोड़ने की भी योजना है। इससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
आकांक्षी विकासखंड फेलो करेंगे डाटा का विश्लेषण
जिले में पदस्थ आकांक्षी विकासखंड फेलो (ABF) अपने-अपने विकासखंडों में ‘नीति तारा’ डिवाइस का उपयोग करेंगे। ABF ब्लॉक स्तर पर विकास संकेतकों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे और कमजोर संकेतकों के संतृप्तिकरण में सहयोग प्रदान करेंगे।
प्रशासन के अनुसार इस डिजिटल पहल से आकांक्षी विकासखंडों में डेटा आधारित सुशासन, विकास संबंधी गैप की पहचान, योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और विकास संकेतकों के संतृप्तिकरण को गति मिलने की उम्मीद है।
#Dindori #NitiAayog #NitiTara #DigitalGovernance #MadhyaPradesh