वन भूमि विवाद में दो गांव आमने-सामने, खड़ी फसल मवेशियों से चराने का आरोप
दादर घुघरी के ग्रामीणों ने कुकर्रा गांव के सैकड़ों लोगों पर लगाया आरोप, पुलिस-राजस्व और वन विभाग की संयुक्त जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
डिंडौरी मेहदवानी थाना क्षेत्र के दादर घुघरी गांव में वन भूमि को लेकर रविवार को दो गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। दादर घुघरी के ग्रामीणों ने कुकर्रा गांव के सैकड़ों लोगों पर मवेशियों के जरिए उनकी खड़ी फसल चराने का आरोप लगाया है। विवाद के बाद ग्रामीण मेहदवानी थाने पहुंचे और मामले में शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों के अनुसार, दादर घुघरी के 41 परिवारों को वन अधिकार पत्र प्राप्त हुए हैं और वे विवादित भूमि पर धान, कोदो एवं कुटकी की खेती कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2012 से कुकर्रा गांव के लोग इस जमीन पर अपना दावा करते हुए विवाद कर रहे हैं।
आरोप है कि रविवार को कुकर्रा गांव से बड़ी संख्या में लोग मवेशियों के साथ मौके पर पहुंचे और मवेशियों से खड़ी फसल चरवा दी। घटना के बाद दादर घुघरी के ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जमीन के स्वरूप को लेकर होगी जांच
मेहदवानी थाना प्रभारी जी.एस. उइके ने बताया कि शिकायत के आधार पर आवेदन लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। तहसीलदार तेजी लाल धुर्वे के साथ मौके का निरीक्षण किया जाएगा।
वहीं वन विभाग के एसडीओ सुनील अशोक ने बताया कि रेंजर को मौके पर भेजा गया है। जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि विवादित भूमि वन अधिकार पत्र के तहत आती है या वन विभाग की निस्तार भूमि।
फिलहाल मामले में पुलिस, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त जांच के बाद भूमि की स्थिति एवं दोनों पक्षों के दावों की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Dindori #ForestLandDispute #Mehandwani #MadhyaPradesh #BreakingNews Part 14